भोगनीपुर: गुलौली की सराय में मुख्य रास्ता तबाही की कगार पर, कीचड़ और गंदे पानी से ग्रामीण परेशान,बच्चे-बुजुर्ग घायल होने का खतरा

कानपुर देहात के भोगनीपुर क्षेत्र के मलासा ब्लॉक स्थित गुलौली ग्राम पंचायत के मजरा सराय में मुख्य रास्ते की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। यह मार्ग पूरी तरह टूट चुका है और हमेशा कीचड़ से भरा रहता है, जिसके कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी रामखेलावन, राजू और सरवन ने बताया कि यह गांव का मुख्य मार्ग है, जिससे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दैनिक मजदूरी करने वालों का आना-जाना होता है। लेकिन सड़क पर फैले कीचड़ और गड्ढों में भरे गंदे पानी के कारण लोग हर दिन गिरने का जोखिम झेलते हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चे अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे कई बार चोट भी लग जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहता है और सड़क चलने लायक नहीं बचती। गाँव में दुर्गंध और मच्छरों का फैलाव बढ़ गया है। कीचड़ और जलभराव बीमारी की आशंका भी बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में बुखार, त्वचा संक्रमण और पेट संबंधी रोग बढ़े हैं।
एक दिव्यांग महिला ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें हर दिन गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे घर से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया, “हमारे लिए यह रास्ता जीवन-जोखिम बन चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।”ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की शिकायत कई बार अधिकारियों और संबंधित विभागों को की गई, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर स्थिति देखने तक नहीं आया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता बढ़ती जा रही है।
Headlines से और खबरें

रायबरेली: “ऐ मौलाना बाहर जाओ”, BJP मंत्री राकेश सचान की बात इतनी सी थी, लेकिन दिल को लगी बहुत!
3 मई 2026
झांसी: मौत के गड्ढे में उतरकर बुझाई प्यास, झांसी में 48 घंटे बाद बहाल हुई जलापूर्ति
3 मई 2026
पश्चिम बंगाल में गरजे सीएम योगी: 4 मई के बाद TMC गुंडों पर कसा तंज, चुनावी माहौल गरमाया
27 अप्रैल 2026