मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: अकबरपुर के शांति उपवन में 86 जोड़ों ने लिए सात फेरे, सामाजिक समरसता का दिखा भव्य उदाहरण

उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद मुख्यालय अकबरपुर में भव्य आयोजन देखने को मिला।

शुक्रवार को अकबरपुर स्थित शांति उपवन में 86 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ एक-दूसरे के गले में वरमाला डालकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। अग्निकुंड के समक्ष सात फेरे लेते हुए नवदम्पतियों ने नए जीवन की शुरुआत की।

इस सामूहिक विवाह समारोह को संपन्न कराने की जिम्मेदारी गायत्री परिवार के स्वयंसेवकों ने निभाई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामसेवक वर्मा, अशोक सेंगर, निर्मल कुमार और विजय बहादुर ने वाद्य यंत्रों के साथ संगीतमय मंत्रोच्चार कर वैदिक वातावरण बनाया। मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच विवाह संस्कार पूरे किए गए, जिससे आयोजन स्थल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अकबरपुर और मीठा विकासखंड से कुल 86 जोड़ों का चयन किया गया था। आयोजन स्थल पर सभी जोड़ों का पहले बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया गया, इसके बाद उन्हें सरकार की ओर से विवाह किट प्रदान की गई। इस किट में गृहस्थ जीवन से जुड़ी आवश्यक सामग्री और विवाह के वस्त्र शामिल थे। हालांकि कई जोड़े अपने घरों से भी शानदार परिधानों में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जिससे समारोह और भी आकर्षक नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिभा शुक्ला द्वारा गणेश पूजन से किया गया। इसके पश्चात गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आरती की गई। वरमाला के दौरान उपस्थित जनसमूह ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर अकबरपुर विकासखंड अध्यक्ष आशीष मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। विवाह संपन्न होने के बाद सभी जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
यह आयोजन न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए सहारा बना, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिकता का भी सशक्त संदेश देता नजर आया। योगी सरकार की यह योजना प्रदेश में हजारों परिवारों के लिए खुशियों की सौगात बन रही है।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर : अवैध खनन के खिलाफ पदयात्रा, मुख्यमंत्री से शिकायत करने निकला समाजसेवी
1 मार्च 2026
अमेठी : भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह का प्रथम आगमन
1 मार्च 2026
कानपुर: बार एसोसिएशन के होली “सांस्कृतिक कार्यक्रम” पर उठे सवाल
28 फ़रवरी 2026