कानपुर देहात: भटुआमऊ में जर्जर स्कूल भवन के खिलाफ ग्रामीणों का अनशन शुरू

कानपुर देहात। भटुआमऊ गांव में प्राथमिक विद्यालय को जर्जर भवन में संचालित किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय भटुआमऊ को मानकों के विपरीत ग्राम विक्रमपुर स्थित एक पुराने और क्षतिग्रस्त भवन में मर्ज कर दिया गया, जहां बच्चों को पढ़ने के लिए बैठाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार भवन की छत और दीवारों में दरारें हैं तथा लेंटर भी टूटने की स्थिति में है। ग्रामीणों का कहना है कि इस भवन में बच्चों की पढ़ाई कराना खतरे से खाली नहीं है और किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार बेसिक शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते गांव की महिलाएं, बुजुर्ग और अभिभावक प्राथमिक विद्यालय परिसर में भूख हड़ताल और अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं।

ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे प्रमोद तिवारी ने कहा कि जब तक बच्चों को सुरक्षित विद्यालय भवन उपलब्ध नहीं कराया जाता और प्रशासन स्पष्ट आश्वासन नहीं देता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि विद्यालय को तत्काल सुरक्षित स्थान पर संचालित किया जाए और भवन की स्थिति की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।
फिलहाल मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण माहौल है। ग्रामीण प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर : अवैध खनन के खिलाफ पदयात्रा, मुख्यमंत्री से शिकायत करने निकला समाजसेवी
1 मार्च 2026
अमेठी : भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह का प्रथम आगमन
1 मार्च 2026
कानपुर: बार एसोसिएशन के होली “सांस्कृतिक कार्यक्रम” पर उठे सवाल
28 फ़रवरी 2026